सोशल मीडिया पर हथियार लहराना पड़ा भारी!पुलिस ने आरोपी के घर से पिस्तौल की बरामद

सोशल मीडिया पर हथियार लहराने का वीडियो वायरल, पुलिस ने आरोपी के घर से पिस्तौल की बरामद

मोहनिया (कैमूर)। सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए वीडियो वायरल होने के मामले में कैमूर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहनिया थाना क्षेत्र के खझरा गांव में छापेमारी कर एक पिस्तौल बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस अब वायरल वीडियो में हथियार का प्रदर्शन करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, खझरा गांव निवासी पुतुल यादव, पिता शिवनारायण यादव का हथियार के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संबंधित थाना पुलिस ने वायरल वीडियो की सत्यता और आरोपी की पहचान की जानकारी जुटाई। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की।बताया जाता है कि पुलिस टीम के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी घर से फरार हो गया। पुलिस ने घर की तलाशी ली, जहां से वीडियो में दिखाई गई पिस्तौल बरामद होने की बात सामने आई है।

पुलिस ने हथियार को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर वीडियो वायरल करना कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर मामला है। ऐसे वीडियो से क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल पैदा होने के साथ युवाओं के बीच गलत संदेश भी जाता है। इसी को देखते हुए पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली आपत्तिजनक और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री पर नजर रख रही है।इधर, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद पिस्तौल आरोपी के पास कैसे पहुंची और इसका इस्तेमाल किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में तो नहीं किया गया। जांच पूरी होने के बाद मामले में अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!