कुदरा में चोरी से हड़कंप!तीन नकाबपोश चोर CCTV में कैद

कुदरा में ज्वेलर्स की दुकान में लाखों की चोरी, नकाबपोश चोरों ने तोड़े ताले; ग्रामीण व नगरवासी दहशत में

कुदरा। कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों और नगरवासियों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला लालापुर वार्ड संख्या-2 का है, जहां रविवार की देर रात अज्ञात चोरों ने आलोक ज्वेलर्स समेत आसपास की दुकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। दुकान संचालक के अनुसार चोरी की घटना में करीब 5 से 7 लाख रुपये के आभूषण व अन्य सामान चोरी होने का अनुमान है।बताया जाता है कि चोरों ने रात करीब 1 से 2 बजे के बीच घटना को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज में तीन नकाबपोश संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। चोरों ने सबसे पहले मुख्य शटर के ताले को तोड़ा और दुकान में प्रवेश किया।

इसके बाद आसपास की अन्य दुकानों के ताले भी तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की गई। घटना को अंजाम देने के दौरान चोरों ने दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी निशाना बनाया। बताया गया कि चोरों ने कैमरों के तार बारी-बारी से काट दिए, ताकि उनकी गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड न हो सकें।दुकान मालिक कृष्णा सोनी, निवासी कुदरा, ने बताया कि उन्हें चोरी की जानकारी सुबह करीब 7 बजे बगल के दुकानदार द्वारा दी गई। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल डायल-112 पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद डायल-112 की टीम और कुदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।सीसीटीवी फुटेज की जांच में तीन नकाबपोश लोगों की गतिविधियां सामने आने की बात कही जा रही है। दुकान के बाहरी हिस्से के पास भी कुछ अन्य संदिग्ध लोगों के खड़े दिखाई देने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है।घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और नगरवासियों में पुलिस गश्ती व्यवस्था को लेकर नाराजगी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि थाना क्षेत्र में रात के समय पर्याप्त और प्रभावी गश्ती नहीं होने के कारण चोरों का मनोबल बढ़ रहा है। लोगों का कहना है कि कुदरा थाना क्षेत्र में आए दिन दुकानों को निशाना बनाने और ताले तोड़ने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे व्यवसायियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।नगरवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात में नियमित गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर निगरानी रखने तथा पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया तो चोरों के हौसले और बढ़ सकते हैं।फिलहाल कुदरा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जाने की संभावना है, ताकि चोरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान के संबंध में सुराग मिल सके। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चोरी की वास्तविक राशि और घटना में शामिल आरोपियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!