समाहरणालय में डीएम का औचक निरीक्षण लंबित मामलों पर डीएम सख्त, समय पर निपटाने का निर्देश

समाहरणालय के विभिन्न विभागों का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, कार्यों में तेजी और पारदर्शिता के दिए निर्देश

भभुआ (कैमूर)। जिला पदाधिकारी ने सोमवार, 24 अगस्त 2026 को समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न विभागों एवं शाखाओं के कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों के निष्पादन और आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।जिला पदाधिकारी ने निरीक्षण की शुरुआत लोक शिकायत शाखा से करते हुए वहां संचालित कार्यों एवं मामलों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली।

इसके बाद एनआईसी, आरटीपीएस सहित समाहरणालय परिसर स्थित अन्य संबंधित विभागों एवं शाखाओं का भी भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में रखी फाइलों, अभिलेखों तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों के रख-रखाव का बारीकी से अवलोकन किया।निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने संबंधित कर्मियों से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति, लंबित मामलों तथा कार्य निष्पादन के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

साथ ही कार्यालयों में आने वाले आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही जन-सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यालयों में कार्यों का निष्पादन त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने अधिकारियों को लंबित फाइलों और आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन करने, अभिलेखों को व्यवस्थित रखने तथा कार्यालयीन कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया।जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है।

इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और जवाबदेही के साथ निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में आने वाले लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाना चाहिए।औचक निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन की ओर से कार्यालयीन व्यवस्थाओं, कार्य निष्पादन की गति, अभिलेखों के रख-रखाव और जन-सुविधाओं की उपलब्धता का व्यापक अवलोकन किया गया। जिला पदाधिकारी के इस निरीक्षण से विभिन्न विभागों में कार्यों के प्रति जवाबदेही और समयबद्धता को और मजबूत करने का संदेश गया।यह औचक निरीक्षण जिला प्रशासन की कार्यालयीन दक्षता, पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर जन-सेवा सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!