युवक की दर्दनाक मौत के बाद परिवार को मिला ₹4 लाख का सरकारी सहारा

कुएं में गिरने से युवक की मौत के बाद पीड़ित परिवार को मिली चार लाख की आपदा राहत राशि

चांद/भरारी कला (कैमूर)। चैनपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चांद प्रखंड की भरारी पंचायत के ग्राम भरारी कला में बीते दिनों कुएं में गिरने से 22 वर्षीय युवक वीरेंद्र राम की दुखद मृत्यु हो गई थी। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार को सरकारी स्तर पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए माननीय मंत्री मो. जमा खान की पहल पर कार्रवाई की गई।इसी क्रम में सोमवार को चांद प्रखंड के अंचलाधिकारी मधुसूदन कुमार चौरसिया ने मृतक के परिजनों को आपदा राहत कोष के तहत चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। सहायता राशि मिलने से आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

चेक वितरण के दौरान माननीय मंत्री मो. जमा खान के निजी सहायक सद्दाम हुसैन, प्रखंड प्रतिनिधि शुक्कर कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।बताया गया कि युवक की कुएं में गिरने से हुई आकस्मिक मृत्यु के बाद परिवार की स्थिति काफी दयनीय हो गई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधान के तहत आपदा राहत राशि उपलब्ध कराने की पहल की गई। इसके बाद अंचल प्रशासन द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सहायता राशि का चेक परिजनों को प्रदान किया गया।

इस मौके पर मंत्री मो. जमा खान की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया गया। मंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे पीड़ित परिवार के साथ हैं और परिवार को किसी प्रकार की आवश्यकता होने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।ग्रामीणों ने भी पीड़ित परिवार को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए मंत्री मो. जमा खान और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना था कि आकस्मिक हादसे में परिवार ने अपने युवा सदस्य को खोया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है, लेकिन सरकार की ओर से मिली सहायता से परिवार को कठिन समय में आर्थिक संबल जरूर मिलेगा।वहीं, अंचलाधिकारी मधुसूदन कुमार चौरसिया द्वारा मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये का चेक सौंपे जाने के बाद स्थानीय स्तर पर यह संदेश भी गया कि आपदा में प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन तत्पर है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!