
खराटी खुर्द पहुंचे मंत्री मोहम्मद जमा खान, हिरन यादव को पानी पिलाकर तुड़वाया अनशनसड़क निर्माण की मांग को लेकर चल रही भूख हड़ताल समाप्त, मंत्री ने कहा- पहले ही स्वीकृत है सड़क, बरसात के बाद तेजी से होगा काम
चांद (कैमूर)। चांद प्रखंड अंतर्गत खराटी खुर्द गांव में सड़क निर्माण की मांग को लेकर पिछले दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे ग्रामीण हिरन यादव से मिलने रविवार को बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री सह चैनपुर विधायक मोहम्मद जमा खान पहुंचे। मंत्री के गांव पहुंचते ही स्थानीय ग्रामीणों और धरनास्थल पर मौजूद लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की, जिससे पूरा इलाका नारों से गूंज उठा।मंत्री के पहुंचने के बाद उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे हिरन यादव से बातचीत कर उनकी मांगों और सड़क की स्थिति की जानकारी ली।
बातचीत के दौरान मंत्री मोहम्मद जमा खान ने हिरन यादव को अपने हाथों से पानी पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया। इस दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तालियों और नारों के साथ इस पहल का स्वागत किया।पहले ही स्वीकृत हो चुकी है सड़क : मंत्रीमंत्री मोहम्मद जमा खान ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि खराटी खुर्द की सड़क की मांग को लेकर सरकार के स्तर पर पहले ही सड़क को पास कराया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि बरसात के कारण सड़क निर्माण कार्य शुरू करने में परेशानी आ रही थी।मंत्री ने कहा कि उन्होंने तत्काल संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर भेजकर सड़क की स्थिति की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीणों की समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए और सड़क निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।मंत्री ने भरोसा दिलाया कि पक्की सड़क का काम मार्च तक शुरू कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से ग्रामीणों को लंबे समय तक वंचित नहीं रहना पड़ेगा।”बाहर गया था, इसलिए आने में विलंब हुआ”मंत्री मोहम्मद जमा खान ने कहा कि वे कुछ दिनों से बाहर गए हुए थे, जिसके कारण खराटी खुर्द पहुंचने में विलंब हुआ। उन्होंने कहा कि अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान कराना उनकी पहली प्राथमिकता है।
उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर वे लगातार अधिकारियों के साथ संपर्क में रहते हैं और जहां भी आवश्यक होता है, वहां विभागीय स्तर पर कार्रवाई कराई जाती है।ग्रामीणों में दिखा उत्साहमंत्री के धरनास्थल पर पहुंचने और हिरन यादव का अनशन समाप्त कराने के बाद ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को लेकर अपनी समस्याएं मंत्री के सामने रखीं और जल्द से जल्द पक्की सड़क निर्माण की मांग दोहराई।ग्रामीणों का कहना था कि सड़क की समस्या के कारण लंबे समय से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। ऐसे में सड़क का निर्माण होने से ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी।मंत्री द्वारा अनशन समाप्त कराने के बाद ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि अब सड़क निर्माण की दिशा में जल्द ठोस कार्रवाई होगी। मौके पर मौजूद लोगों ने मंत्री के आश्वासन के बाद भूख हड़ताल समाप्त होने का स्वागत किया।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
