DWSM बैठक में बड़ा फैसला!पेयजल योजनाओं के लंबित काम जल्द होंगे पूरे

DWSM की बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता योजनाओं की समीक्षा, लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश

भभुआ (कैमूर)। जिला पदाधिकारी, कैमूर की अध्यक्षता में सोमवार, 31 अगस्त 2026 को जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (DWSM) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) सहित संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान जिले में पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, जल गुणवत्ता तथा जल स्रोतों के सतत प्रबंधन से संबंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। पेयजल आपूर्ति योजनाओं की कार्यशीलता, जल गुणवत्ता की नियमित जांच तथा आम लोगों की जलापूर्ति संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया।जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी लंबित एवं निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार को सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता हो। उन्होंने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण एवं अनुश्रवण कर योजनाओं की धरातलीय स्थिति की जानकारी लेने तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।बैठक में विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाने पर भी बल दिया गया।

बैठक में बताया गया कि जलापूर्ति से संबंधित कुल 3,159 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 2,984 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है। वहीं 175 शिकायतें लंबित हैं, जिनके निपटारे के लिए संबंधित अभियंताओं एवं तकनीकी दल द्वारा प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।अधिकारियों ने बताया कि जलापूर्ति से संबंधित शिकायतें CGRC पोर्टल के माध्यम से दर्ज की जा सकती हैं। इसके अलावा टोल-फ्री नंबर 1800-123-1121, 1800-345-1121 एवं 155367 तथा व्हाट्सऐप नंबर 8544429024 एवं 8544429082 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!