चार साल से जलजमाव, बहुआरा के ग्रामीणों का फूटा गुस्सा; सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

बहुआरा में चार साल से जलजमाव के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश, खरगावा-दुर्गावती मार्ग जाम

चांद/कैमूर। चांद प्रखंड अंतर्गत चौरी पंचायत के ग्राम बहुआरा में करीब चार वर्षों से जलजमाव की समस्या झेल रहे ग्रामीणों का आक्रोश शनिवार को सड़क पर उतर आया। जलनिकासी और रास्ते के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने खरगावा-दुर्गावती मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित रहा और ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लगभग 300 मीटर क्षेत्र में लंबे समय से पानी का जमाव बना हुआ है। चार वर्षों से जलजमाव की समस्या रहने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों के अनुसार, पानी जमा रहने के कारण रास्ते से गुजरना मुश्किल हो जाता है और रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। इस दौरान अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री सह चैनपुर विधानसभा विधायक मोहम्मद जमा खान के खिलाफ नारेबाजी की गईग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से समस्या के बावजूद उनकी परेशानी का स्थायी समाधान नहीं कराया गया है।ग्रामीणों ने कहा कि वे कई वर्षों से जलजमाव और खराब रास्ते की समस्या से जूझ रहे हैं। उनका कहना है कि समस्या केवल आवागमन तक सीमित नहीं है, बल्कि जलजमाव के कारण गांव के लोगों के दैनिक जीवन पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने मांग की कि संबंधित विभाग तत्काल स्थल का निरीक्षण कर जलनिकासी की व्यवस्था कराए और रास्ते का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान अब भी इस गंभीर समस्या की ओर नहीं जाता है, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। ग्रामीणों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगला कदम इससे भी अधिक सख्त होगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की होगी।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए और वर्षों से चली आ रही जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए। उनका कहना है कि सड़क और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था होने के बाद ही ग्रामीणों को वास्तविक राहत मिल सकेगी।फिलहाल बहुआरा में ग्रामीणों के इस विरोध प्रदर्शन ने क्षेत्र में जलजमाव और सड़क की समस्या को लेकर प्रशासन के समक्ष सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि ग्रामीणों की मांग पर संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से कब तक ठोस कार्रवाई की जाती है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!