
कैमूर में अवैध उर्वरक रिपैकिंग और कालाबाजारी का भंडाफोड़, भारी मात्रा में खाद व ट्रक जब्तकुकराढ़ गांव के समीप गोदाम में चल रहा था संदिग्ध उर्वरक की पैकिंग का खेल, कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने की छापेमारी
भभुआ/कैमूर। कैमूर जिले में किसानों के लिए निर्धारित उर्वरक की अवैध रिपैकिंग और कथित कालाबाजारी के मामले का जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने भंडाफोड़ किया है। 12 सितंबर 2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर सोनहन-कुदरा रोड स्थित कुकराढ़ गांव के समीप एक गोदाम में औचक छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में टेक्निकल ग्रेड यूरिया, डीएपी तथा संदिग्ध उर्वरक बरामद किए गए। मौके से एक ट्रक भी जब्त किया गया है।प्रशासन के अनुसार, सूचना मिली थी कि उक्त गोदाम में अवैध रूप से उर्वरक का भंडारण कर उसे ट्रक पर लोड किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद अनुमंडल पदाधिकारी भभुआ, जिला कृषि पदाधिकारी कैमूर, प्रखंड विकास पदाधिकारी भभुआ सहित अन्य पदाधिकारियों की संयुक्त टीम ने पुलिस बल के साथ गोदाम में छापेमारी की।
यूरिया को दूसरे बैग में भरने का आरोपछापेमारी के दौरान टीम ने पाया कि कृषि उपयोग वाले यूरिया को इंडस्ट्रियल उपयोग में आने वाले टेक्निकल ग्रेड यूरिया के बैगों में अवैध रूप से भरा जा रहा था। वहीं, संदिग्ध उर्वरक को डीएपी की बोरियों में पैक करने की तैयारी भी की जा रही थी। मौके की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने बरामद सामग्री को जब्त कर लिया।भारी मात्रा में उर्वरक और खाली पैकेट बरामदछापेमारी में गोदाम और ट्रक से बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद हुई। प्रशासन द्वारा जारी विवरण के अनुसार—- टेक्निकल ग्रेड यूरिया: गोदाम में 683 भरी बोरियां और ट्रक पर लदी 188 बोरियां- डीएपी: 117 भरी हुई बोरियां- सफेद बैग में संदिग्ध उर्वरक: करीब 756 बोरियां, जिन्हें डीएपी बैग में भरने के लिए रखा गया था- खाली यूरिया बैग: करीब 1,000 पीस- नए खाली डीएपी बैग: करीब 700 पीस- परिवहन वाहन: एक ट्रक जब्तमां अंबे खाद भंडार के संचालन की बात सामने आईजांच और पूछताछ के क्रम में प्रशासन के समक्ष यह बात सामने आई कि उक्त गोदाम का संचालन ‘मां अंबे खाद भंडार’ के प्रोपराइटर आलोक श्रीवास्तव द्वारा किया जा रहा था।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित संचालक एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।सोनहन थाना में प्राथमिकी के लिए आवेदनकिसानों के हक के उर्वरक की कथित कालाबाजारी और अवैध रिपैकिंग के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मौके से बरामद सभी उर्वरक एवं लोडेड ट्रक को जब्त कर लिया गया है। संबंधित संचालक एवं संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रावधानों के तहत सोनहन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु आवेदन दिया गया है। कृषि विभाग एवं पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की अग्रिम कानूनी जांच जारी है।अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद खरीदने की अपीलजिला प्रशासन कैमूर ने जिले के किसानों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत एवं पंजीकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक की खरीद करें।
खरीदारी के समय पक्की PoS रसीद अवश्य प्राप्त करें।प्रशासन ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को उर्वरक की कालाबाजारी, मुनाफाखोरी, नकली या संदिग्ध खाद की बिक्री अथवा अवैध भंडारण की जानकारी मिलती है तो तत्काल स्थानीय कृषि पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी या नजदीकी थाना को इसकी सूचना दें। प्रशासन के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।छापेमारी के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी भभुआ, जिला कृषि पदाधिकारी कैमूर, प्रखंड विकास पदाधिकारी भभुआ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध उर्वरक कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
