भारत जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति की वार्षिक आमसभा आयोजित

भारत जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति की वार्षिक आमसभा आयोजितबीडीओ मोहम्मद हदीद खान ने किया उद्घाटन, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए जीविका से जुड़ने का दिया संदेश

चांद/कैमूर। कैमूर जिले के चांद प्रखंड में मंगलवार, 15 सितंबर 2026 को भारत जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, चांद द्वारा वार्षिक आमसभा का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मोहम्मद हदीद खान ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जीविका से जुड़ी बड़ी संख्या में दीदियां, कैडर, ग्राम संगठन एवं स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ मोहम्मद हदीद खान ने कहा कि जीविका से जुड़कर महिलाएं आज अपने पैरों पर खड़ी हो रही हैं और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण के लिए सरकार की ओर से भी लगातार सहयोग एवं विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।उन्होंने कहा कि जो महिलाएं किसी कारणवश अभी तक जीविका से नहीं जुड़ पाई हैं, उन्हें भी जीविका के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ना चाहिए। समूह से जुड़कर महिलाएं बचत, ऋण, स्वरोजगार और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकती हैं। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने तथा अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए जीविका की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।वित्तीय वर्ष की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुतवार्षिक आमसभा के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इसके साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष के लिए प्रस्तावित योजनाओं एवं बजट पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सदस्यों की सहमति के बाद आगामी योजनाओं के बजट को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई।आमसभा में भारत जीविका के कार्यक्षेत्र एवं उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की गई। बताया गया कि भारत जीविका के अंतर्गत चांद प्रखंड की चार पंचायतें—चांद, लोहदन, पहाड़िया तथा गनी शामिल हैं। इन क्षेत्रों में जीविका की गतिविधियों का संचालन स्वयं सहायता समूहों और ग्राम संगठनों के माध्यम से किया जा रहा है।बैठक में प्रस्तुत जानकारी के अनुसार भारत जीविका के कार्यक्षेत्र में कुल 645 स्वयं सहायता समूह, 602 बैंक खाते तथा 570 क्रेडिट लिंकेज की उपलब्धि दर्ज की गई है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में भारत जीविका को कुल 26 लाख 99 हजार 399 रुपये का लाभ हुआ है।उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानितवार्षिक आमसभा के दौरान जीविका के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाले कैडर, ग्राम संगठन सभा तथा स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान बेहतर कार्य करने वाली दीदियों एवं संगठनों का उत्साहवर्धन किया गया तथा अन्य समूहों को भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में प्रखंड परियोजना प्रबंधक रवि प्रकाश मिश्रा, क्षेत्रीय समन्वयक दीपू शुक्ला, सामुदायिक समन्वयक रवि कुमार एवं मंजू कुमारी सहित प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, शाखा प्रबंधक तथा जीविका से जुड़े अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।आमसभा में सभी आरजी बोर्ड दीदियों के साथ-साथ कैडर एवं जीविका से जुड़े विभिन्न समूहों और ग्राम संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को जीविका के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा समूहों की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

। ( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!