
शिवम कुमार ने बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन, शिक्षा सामग्री बांटकर दिया प्रेम व भाईचारे का संदेश
चैनपुर (कैमूर), 4 मार्च 2026:चैनपुर प्रखंड के मेढ़ गांव में बुधवार को समाजसेवी शिवम कुमार ने अपने जन्मदिन के अवसर पर एक अनोखी पहल करते हुए नन्हे-नन्हे बच्चों के साथ मिलकर जन्मदिन मनाया। इस मौके पर उन्होंने बच्चों के साथ केक काटा और सूखी होली खेलते हुए आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ अबीर-गुलाल लगाकर होली की खुशियां साझा की गईं। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर पौधारोपण कर लगाए गए पौधों की देखभाल करने का संकल्प लिया गया और प्रकृति के साथ होली मनाने की प्रेरणा दी गई।समाजसेवी शिवम कुमार ने कहा कि जन्मदिन केवल व्यक्तिगत खुशी का दिन नहीं होता, बल्कि यह जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने का भी विशेष अवसर है। उन्होंने कहा कि इस दिन को बच्चों के साथ उत्साहपूर्ण और आनंदमय वातावरण में मनाना उनके लिए बेहद सुखद अनुभव रहा।इस अवसर पर बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री जैसे स्लेट, कॉपी, पेन, पेंसिल के साथ-साथ केक, बिस्कुट और टॉफी का वितरण किया गया।
इसका उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और उनके चेहरे पर मुस्कान लाना था, ताकि यह दिन उनके लिए एक यादगार पल बन सके।शिवम कुमार ने बताया कि इन बच्चों में पढ़ाई के प्रति खास उत्साह देखने को मिलता है। उनका प्रयास है कि जो बच्चे किसी कारणवश शिक्षा से वंचित हैं, उन्हें शिक्षित कर समाज की मुख्य धारा से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों को खुशहाल वातावरण में शिक्षा देना ही उनका उद्देश्य है, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आगे बढ़ सकें।उन्होंने गांव और समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि एक शिक्षित और विकसित समाज के निर्माण के लिए हर व्यक्ति को समाज के प्रति अपना समय और सहयोग देना चाहिए।

समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए छोटी-छोटी पहल भी बेहद महत्वपूर्ण होती हैं। उन्होंने कहा कि इन बच्चों की मुस्कान ही उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है और समाजहित में निस्वार्थ भाव से कार्य करना ही सच्ची मानवता का परिचायक है।इस अवसर पर बम कुमार, इंद्रजीत कुमार, सन्नी कुमार सहित गांव के कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
