
तेज रफ्तार बोलेरो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर, तीन लोग गंभीर रूप से घायलचांद (कैमूर), 20 मार्च 2026:चांद थाना क्षेत्र के किलनी नहर के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें बोलेरो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौआ झोटी गांव निवासी मनोज कुमार अपने 15 वर्षीय पुत्र इब्राहीम कुमार के साथ एक ही मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।बताया जाता है कि बोलेरो वाहन में कुल सात लोग सवार थे। हादसे में बोलेरो सवार एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गया। बोलेरो का चालक सिरी यादव, जो उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के तेंदुआ (चुनार) का निवासी है, बताया जा रहा है।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को
नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों गंभीर घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।हादसे की सूचना मिलते ही चांद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
