
सरकारी स्कूल के छात्र ने नवोदय परिक्षा में 93% अंक लाकर लहराया परचम
(भभुआ), दिनांक:कैमूर जिले के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, चन्दा चाँद के छात्र अयान अंसारी ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए न सिर्फ अपने विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अयान अंसारी ने जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए तथा 69वां रैंक हासिल किया है।अयान अंसारी, पिता श्री अब्दुल जब्बार अंसारी एवं माता श्रीमती परवीन खातून, ग्राम चन्दा चाँद के निवासी हैं। साधारण परिवार से आने वाले अयान ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
उनकी इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र भी यदि सही दिशा और मेहनत के साथ आगे बढ़ें, तो किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।अयान की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
जैसे ही यह खबर गांव और आसपास के क्षेत्रों में फैली, लोगों ने अयान और उनके परिवार को बधाई देना शुरू कर दिया।विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों ने अयान की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे विद्यालय के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने बताया कि अयान शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी और अनुशासित छात्र रहा है। शिक्षकों ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह आगे चलकर और भी बड़ी सफलताएं हासिल करेगा।शिक्षकों ने अन्य विद्यार्थियों को भी अयान से प्रेरणा लेने की अपील की और कहा कि कठिन परिश्रम, नियमित अध्ययन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है।
अयान अंसारी की इस सफलता से न केवल उनके परिवार का गौरव बढ़ा है, बल्कि पूरे कैमूर जिले का मान भी ऊंचा हुआ है। यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
। ( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
