
उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय सिरसी में सफल छात्रों का सम्मान, मेडल व शील्ड देकर बढ़ाया हौसला
कैमूर/चैनपुर। प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय सिरसी में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बिहार बोर्ड) की वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, अभिभावक तथा शिक्षा समिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।समारोह का शुभारंभ पारंपरिक तरीके से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इसके पश्चात विद्यालय परिवार द्वारा परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मंच पर बुलाकर मेडल एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा। सम्मानित विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उनके आत्मविश्वास में भी बढ़ोतरी देखी गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक बाबुलाल राम ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान समारोह केवल पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अन्य विद्यार्थियों से भी निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को सफलता के मंत्र बताए और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो व्यक्ति को समाज में सम्मान दिलाता है और राष्ट्र निर्माण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करता है।कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में बच्चों को बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन मिल रहा है, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल हो रहा है। वहीं शिक्षा समिति के सदस्यों ने भी विद्यार्थियों को निरंतर प्रगति करते रहने और अपने गांव, समाज तथा जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।समारोह के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही यह संकल्प लिया गया कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया जाता रहेगा।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
