
बिउर मानपुर में सिटी अकैडमी व उम्मीद एजुकेशन चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त आयोजन में मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित, शिक्षा और उज्जवल भविष्य पर दिया गया मार्गदर्शन-कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत बिउर मानपुर गांव स्थित मजार परिसर में रविवार को हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम आने के बाद मेधावी एवं कुशल छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम सिटी अकैडमी एवं उम्मीद एजुकेशन चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भभुआ से पहुंचे एसीजेएम रेहान रजा एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में मजिस्ट्रेट सुहैल ने शिरकत कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। दोनों अतिथियों ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उम्मीद ट्रस्ट के अध्यक्ष नवाज शरीफ विशेष रूप से पटना से बिउर पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि ट्रस्ट समाज के सभी वर्गों के लिए एक नई उम्मीद लेकर काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि हाई स्कूल या इंटर में 50 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले जरूरतमंद छात्रों को आगे की शिक्षा ग्रहण करने के लिए सहायता प्रदान करता है, जो छात्र रहने, खाने और परीक्षा शुल्क की पूरी जिम्मेदारी उठा सकते हैं, ट्रस्ट उनकी पूरी सहायता करता है।
यह सहायता पूरी तरह नि:शुल्क है और इसे वापस करने की कोई बाध्यता नहीं है। यह ट्रस्ट सभी समाज के उत्थान के लिए काम करता है।कार्यक्रम की अध्यक्षता अब्दुर रहीम मिवाही ने की, जबकि संचालन दीवान तनवीर खान ने किया। आयोजन को सफल बनाने में सिटी अकैडमी के संचालक एवं समाजसेवी जुलकर नैन खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
