मंत्री संजय सिंह ( टाइगर) की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक संपन्न

मंत्री श्री संजय सिंह (टाइगर) की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक सम्पन्नश्रमिक कल्याण योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन एवं रोजगार सृजन पर दिया गया विशेष बलआज दिनांक 07 अप्रैल 2026 को कैमूर जिले के परिसदन कक्ष में माननीय मंत्री, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग तथा युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, श्री संजय सिंह (टाइगर) की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक का उद्देश्य विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा एवं उन्हें और प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश देना था।बैठक में माननीय मंत्री के आप्त सचिव श्री विमल कुमार सिंह, सहायक निदेशक श्री सुबोध कुमार, सहायक श्रम आयुक्त डालमियानगर श्री रिपुसुदन मिश्रा, श्रम अधीक्षक कैमूर श्री चंदन कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी श्री दिनेश कुमार तिवारी, जिले के सभी सरकारी आईटीआई के प्राचार्य एवं सभी प्रखंडों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान माननीय मंत्री द्वारा विभाग द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को शत-प्रतिशत पात्र लाभुकों तक पहुंचाने का सख्त निर्देश दिया गया। उन्होंने बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत अधिकाधिक योग्य श्रमिकों का निबंधन सुनिश्चित करने पर बल दिया, ताकि उन्हें समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।

माननीय मंत्री ने सभी लंबित योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश देते हुए प्रवासी श्रमिकों के सटीक डेटा संकलन हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता बताई।उन्होंने वस्त्र सहायता योजना के अंतर्गत जिन श्रमिकों के खातों में ₹5000 की राशि अब तक अंतरित नहीं हो सकी है, उनके बैंक खातों का शीघ्र आधार सीडिंग सुनिश्चित कराने एवं इसकी सूचना विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

साथ ही सभी श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निष्ठा एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन करने पर विशेष बल दिया गया।नियोजन विभाग की समीक्षा करते हुए माननीय मंत्री ने राज्य सरकार के एक करोड़ रोजगार सृजन के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु आईटीआई संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण एवं उद्योग-आधारित प्रशिक्षण पर जोर दिया।उन्होंने सभी कुशल युवा कार्यक्रम (KYP) केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने एवं आवश्यकतानुसार उनकी इंफ्रास्ट्रक्चर एवं पाठ्यक्रम व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए, ताकि युवाओं को बेहतर कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध हो सके।बैठक में विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा के पश्चात आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा अंत में बैठक की कार्यवाही सधन्यवाद समाप्त की गई।

( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!