चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मझुईं में आपसी विवाद को लेकर खुनी संघर्ष एक की मौत

मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, परिजनों में आक्रोशफरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर दबाव, छापेमारी जारी

कैमूर/चैनपुर (संवाददाता):चैनपुर थाना क्षेत्र के मझुई गांव में आपसी विवाद के दौरान हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान मझुई निवासी 45 वर्षीय सोबराती अली के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों में आरोपियों के खिलाफ गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।मृतक के पुत्र वारिस अली ने बताया कि बीते 26 मार्च को गांव में आपसी विवाद को लेकर मारपीट की घटना हुई थी।

इस संबंध में चैनपुर थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि नौशाद और सद्दाम ने उनके पिता पर पीछे से लोहे की छड़ से हमला किया, जबकि निजामुद्दीन और आशिक ने लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद परिजन घायल सोबराती अली को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चैनपुर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद

चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी स्थिति नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन काफी गुस्से में हैं और उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि फरार चल रहे सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।इधर, मामले को लेकर चैनपुर थाना अध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फरार अभियुक्तों को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!