कैमुर में अवैध पार्किंग पर प्रशासन का कडा एक्शन

कैमूर में अवैध पार्किंग के विरुद्ध विशेष अभियान, कई बसों पर जुर्माना एवं जब्ती की कार्रवाईकैमूर, बुधवार। जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित एवं बाधारहित बनाए रखने के उद्देश्य से अवैध पार्किंग के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा सख्त अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई जिला पदाधिकारी सह जिला सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष श्री नितिन कुमार सिंह के निर्देश पर की गई।

अभियान के तहत परिवहन विभाग एवं स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा बस स्टैंड एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान संचालित किया गया। जांच के दौरान कई बसें निर्धारित पार्किंग स्थल के बाहर सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ी पाई गईं, जिससे आमजन को आवागमन में कठिनाई हो रही थी तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।

नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत कार्रवाई करते हुए कई बसों से जुर्माना वसूला गया, वहीं गंभीर उल्लंघन के मामलों में कुछ बसों को जब्त भी किया गया।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अधिनियम की धारा 122 के अंतर्गत सड़क पर इस प्रकार वाहन खड़ा करना, जिससे अन्य व्यक्तियों को बाधा, असुविधा अथवा खतरा उत्पन्न हो, दंडनीय अपराध है।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने हेतु इस प्रकार के विशेष अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। साथ ही सभी वाहन चालकों एवं संचालकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें तथा यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें।जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!