
चैनपुर में PACS चुनाव की सरगर्मी तेज, जगरिया में संजय पांडेय ने किया नामांकनभभुआ/चैनपुर (कैमूर): जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत जगरिया पैक्स चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। चुनावी माहौल में प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ती जा रही है और समर्थकों के बीच उत्साह चरम पर है।
इसी क्रम में जगरिया पैक्स अध्यक्ष पद के प्रत्याशी संजय पांडेय ने बुधवार को सैकड़ों समर्थकों के साथ प्रखंड कार्यालय पहुंचकर विधिवत अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान प्रखंड परिसर में समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र चुनावी रंग में रंगा नजर आया।इस दौरान समर्थकों ने “संजय पांडेय जिंदाबाद” के जोरदार नारे लगाए, जिससे वातावरण गूंज उठा।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया।मौके पर जिले के कई पंचायत प्रतिनिधि, पैक्स से जुड़े पदाधिकारी तथा समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने प्रत्याशी को शुभकामनाएं देते हुए उनके पक्ष में समर्थन जताया।
नामांकन के बाद संजय पांडेय ने कहा कि यदि उन्हें जनता का आशीर्वाद मिला तो वे किसानों के हित में काम करेंगे और पैक्स के माध्यम से क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद, बीज और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।जगरिया पैक्स चुनाव को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। गांव-गांव में चुनावी चर्चाएं तेज हो गई हैं और अब सभी की निगाहें आगामी चुनावी मुकाबले पर टिकी हुई हैं।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
