
जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी महोदय ने की समीक्षा बैठक, प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं व्यापक जन जागरूकता पर दिया गया विशेष बलजिला पदाधिकारी महोदय, कैमूर (भभुआ) की अध्यक्षता में आज दिनांक 10 अप्रैल 2026 को जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं नगर परिषद/नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) से संबंधित प्रखंड एवं नगर निकाय स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में बताया गया कि उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 13 अप्रैल 2026 से 24 अप्रैल 2026 तक निर्धारित है।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता सुनिश्चित करने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।उन्होंने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण स्थलों पर उपयुक्त प्रशिक्षण हॉल, प्रोजेक्टर, तकनीकी संसाधन, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार एवं भोजन की सुव्यवस्थित व्यवस्था नियमानुसार सुनिश्चित की जाए।बैठक में उप विकास आयुक्त, कैमूर, अपर समाहर्ता, कैमूर, भूमि सुधार उप समाहर्ता, भभुआ, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, कैमूर, निदेशालय से नामित प्रेक्षक श्री आदर्श पाण्डेय एवं जिला जनगणना कोषांग के पदाधिकारी गण उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा कहा गया कि सभी चार्ज अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र केजनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें स्व-गणना (Self Enumeration) के महत्व से अवगत कराएं तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर आम जनता तक जनगणना संबंधी आवश्यक जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित करें।चार्ज स्तर के सभी अधिकारी जनगणना निदेशालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन सुनिश्चित करें।प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रोजेक्टर एवं अन्य तकनीकी माध्यमों के जरिए सरल, स्पष्ट एवं प्रभावी बनाया जाए, ताकि सभी प्रतिभागियों को विषय की समुचित समझ हो सके।
जनगणना 2027 के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर होर्डिंग, बैनर एवं अन्य प्रचार माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।अंत में जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां समयबद्ध, समन्वित एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
