
आमांव पंचायत में पैक्स चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, 64.69% मतदान दर्ज
प्रशासन की मुस्तैदी से निर्विघ्न रहा मतदान, मतदाताओं में दिखा उत्साह
भभुआ/चैनपुर (संवाददाता):कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत आमांव पंचायत में शनिवार, 11 अप्रैल 2026 को पैक्स (प्राथमिक कृषि ऋण समिति) का चुनाव शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो गया। शाम 4:30 बजे तक कुल 64.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पूरे चुनाव के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आया, जिसके कारण कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।मतदान प्रक्रिया सुबह निर्धारित समय पर शुरू हुई, जहां शुरुआती घंटों से ही मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं, जो लोकतंत्र के प्रति ग्रामीणों की जागरूकता और सहभागिता को दर्शाती हैं।चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
प्रत्येक मतदान केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, वहीं दंडाधिकारी भी मुस्तैदी से ड्यूटी पर तैनात रहे और पूरे मतदान प्रक्रिया पर नजर बनाए रखी। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष सतर्कता बरती गई, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।प्रखंड प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने दिनभर विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ तथा कहीं से भी विवाद, तनाव या बाधा की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई।मतदान समाप्ति के बाद मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है। प्रशासन द्वारा मतगणना को लेकर भी सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। अब प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतगणना के बाद ही होगा, जिस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासनिक व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इस बार चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न हुआ। मतदाताओं ने बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो लोकतंत्र की मजबूती का संकेत
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
