60 सफाई कर्मियों ने नगर कार्यालय पहुंचकर जताई नाराजगी

कुदरा नगर पंचायत में पांच दिनों से सफाई ठप, सड़कों पर कचरे का अंबार; सफाई कर्मियों ने वेतन और सुविधाओं को लेकर किया प्रदर्शन

60 सफाई कर्मियों ने नगर कार्यालय पहुंचकर जताई नाराजगी, न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान और पीएफ बकाया का लगाया आरोप

भभुआ/कुदरा (संवाददाता):कैमूर जिले के कुदरा नगर पंचायत में पिछले पांच दिनों से सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी हुई है, जिससे नगर के सभी वार्डों में कचरे का अंबार लग गया है। सड़कों, गलियों और बाजारों में फैली गंदगी के कारण स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है और संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।शनिवार सुबह लगभग 8:30 बजे करीब 60 की संख्या में सफाई कर्मी नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध जताया।

सफाई कर्मियों ने नगर प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि उन्हें समय पर वेतन नहीं दिया जाता है, साथ ही भविष्य निधि (पीएफ) की राशि भी लंबे समय से लंबित है।कर्मियों ने बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी ₹428 प्रतिदिन है, लेकिन उन्हें मात्र ₹350 का भुगतान किया जा रहा है। इसके अलावा, पिछले एक वर्ष से कटौती की गई राशि का भी भुगतान नहीं किया गया है।

सफाई कर्मियों का आरोप है कि झाड़ू और अन्य आवश्यक सामग्री खरीदने के लिए भी समय पर पैसे उपलब्ध नहीं कराए जाते, जिसके कारण वे काम करने में असमर्थ हो जाते हैं।प्रदर्शन के दौरान कर्मियों ने यह भी बताया कि वे अपनी समस्याओं को लेकर कार्यालय में आवेदन देने पहुंचे थे, लेकिन प्रशासन द्वारा आवेदन लेने से इनकार कर दिया गया, जिससे उनकी नाराजगी और बढ़ गई।सफाई कार्य ठप होने के कारण नगर के सभी वार्डों में कचरा फैल गया है, जिससे दुर्गंध और गंदगी का माहौल बन गया है।

वार्ड पार्षदों को भी स्थानीय लोगों के तीखे सवालों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों और दुकानदारों में इस स्थिति को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।नगरवासियों का कहना है कि पिछले पांच दिनों से सफाई नहीं होने के कारण हालात बदतर होते जा रहे हैं। उन्होंने नगर प्रशासन और जिला प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की मांग की है।इधर, इस पूरे मामले को लेकर अधिकारी और जनप्रतिनिधि एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते नजर आ रहे हैं, जिससे समस्या के समाधान में और देरी हो रही है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!