
तेज रफ्तार ने ली जान: ट्रक-बाइक भिड़ंत में युवक की मौके पर मौत
अंवारी गांव के पास हादसे के बाद हंगामा, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम; स्पीड ब्रेकर की मांग तेज
कैमुर के मोहनिया थाना क्षेत्र के अंवारी गांव के समीप बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। ट्रक और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।
मृतक की पहचान बेलांव थाना क्षेत्र के बसुहारी गांव निवासी करीब 30 वर्षीय सुनील पासवान के रूप में हुई है, जो निजी बैंक (बंधन बैंक) में फील्ड वर्कर के रूप में कार्यरत थे। बताया जाता है कि वह अपने गांव से बाइक से मोहनिया की ओर आ रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु अनुमंडल अस्पताल मोहनिया भेज दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिससे घर में मातम पसरा हुआ है।स्थानीय ग्रामीण दीपक तिवारी ने बताया कि अंवारी गांव के पास अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं। इस घटना के बाद लोगों में काफी आक्रोश देखा गया और उन्होंने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया।ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं है, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर बनवाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
इस संबंध में मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी ने बताया कि ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
