
बंद घर को निशाना बना चोरों का आतंक, छत के रास्ते घुसकर लाखों की चोरी
दरवाजे को बाहर से बंद कर वारदात, गहने-नकदी समेत कीमती सामान ले उड़े चोर
कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए बंद घर को निशाना बनाया। बेलभद्रा गांव निवासी ठाकुर साह के घर में बीती रात अज्ञात चोरों ने छत के रास्ते प्रवेश कर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया।पीड़ित ठाकुर साह, पिता स्वर्गीय लक्ष्मण साह, ने बताया कि घटना देर रात करीब 1 बजे की है।
उस समय परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। इसी बीच चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और मुख्य कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, महंगे कपड़े और बर्तन चुरा लिए।चोरी गए सामान में सोने का लॉकेट, चैन, मंगलसूत्र समेत करीब 60 हजार रुपये नकद शामिल हैं। चोरों ने वारदात के दौरान घर के दरवाजे को बाहर से कुंडी लगाकर रस्सी से बांध दिया, ताकि घर के लोग बाहर न निकल सकें और उन्हें घटना की भनक तक न लगे।
सुबह इस घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों ने खेत में बिखरे सामान और खाली बक्से देखे। उन्होंने तुरंत मकान मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि घर का दरवाजा बाहर से बंद था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही कुदरा थाना की डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित परिवार ने थाना में आवेदन देकर चोरी का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं, पुलिस पर उठ रहे सवालकुदरा क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
29 दिसंबर 2025: लालपुर वार्ड संख्या 1 के पुरैनी में चोरी31 दिसंबर 2025: घटांव में चोरी5 जनवरी 2026: वार्ड 4 में नगदी व आभूषण की चोरी17 जनवरी 2026: वार्ड 8 में 1.75 लाख रुपये व गहनों की चोरी7 व 8 फरवरी 2026: वार्ड 7 में लगातार दो दिन चोरी17 फरवरी 2026: वार्ड 10 और 12 में एक ही दिन 10 घरों में चोरी19 फरवरी 2026: कुदरा बाजार में मस्जिद के पास चोरीइन घटनाओं के बावजूद अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों में दहशत, बढ़ी सुरक्षा की मांगलगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध लोगों की जांच और जल्द से जल्द चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
। ( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
