सिरसी में क्रिकेट मैच का सेमीफाइनल मुकाबले का शुभारंभ बालाजी मार्ट के प्रोप्राइटर संजय सिंह ने किया

सिरसी में कैनवस क्रिकेट टूर्नामेंट का सेमीफाइनल, सिकंदरपुर ने दर्ज की जीत

चैनपुर (कैमूर), संवाददाता:चैनपुर प्रखंड के सिरसी गांव में वजीरिया क्रिकेट क्लब सिरसी के तत्वावधान में आयोजित कैनवस क्रिकेट टूर्नामेंट का सेमीफाइनल मुकाबला शनिवार को उत्साह, रोमांच और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। इस मुकाबले में सौखरा और सिकंदरपुर की टीमें आमने-सामने थीं, जहां दोनों पक्षों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

मैच का शुभारंभ बालाजी मार्ट के प्रोप्राइटर संजय सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के मौके पर उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना के साथ खेलने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर मदुरना पंचायत के पैक्स अध्यक्ष मुराद खान, शकील अहमद, समिउर्रहमान, डॉ. जाकिर हुसैन, मेहराब शाह सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी दर्शक मौजूद रहे।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सौखरा की टीम निर्धारित ओवरों में मात्र 18 रन ही बना सकी।

सिकंदरपुर की सधी हुई गेंदबाजी के सामने सौखरा के बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना पाए। जवाब में उतरी सिकंदरपुर की टीम ने संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।मैच के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। हर चौके-छक्के और विकेट पर दर्शकों की तालियों से पूरा मैदान गूंज उठा।

मुकाबला भले ही कम स्कोर का रहा, लेकिन रोमांच अंत तक बना रहा, जिससे दर्शकों की दिलचस्पी लगातार बनी रही।इस आयोजन को सफल बनाने में आयोजक एकबाल खान और अरबाज खान की अहम भूमिका रही। उन्होंने मैच के संचालन, खिलाड़ियों की व्यवस्था और मैदान की तैयारियों को बेहतर तरीके से संभाला, जिसकी सभी ने सराहना की।ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के खेल आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलने के साथ-साथ आपसी सौहार्द और भाईचारे को भी बढ़ावा मिलता है। आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला जल्द आयोजित किया जाएगा, जिसे लेकर क्षेत्र में उत्साह चरम पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!