
तालाब में डूबने से 10 वर्षीय बालिका की दर्दनाक मौत, गांव में मातम। सहेलियों के साथ स्नान के दौरान हुआ हादसा, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने किया मृत घोषितकैमूर (चैनपुर), 28 अप्रैल 2026:कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मेढ़ गांव में मंगलवार की संध्या एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय बालिका की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतका की पहचान अंजलि कुमारी (10 वर्ष) के रूप में की गई है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंजलि कुमारी अपनी कुछ सहेलियों के साथ गांव के पास स्थित तालाब में स्नान करने गई थी। इसी दौरान तालाब में पानी अधिक होने के कारण वह अचानक गहराई में चली गई और डूबने लगी।
साथ मौजूद सहेलियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन घबराहट के कारण वे सफल नहीं हो सकीं।बताया जाता है कि एक सहेली किसी तरह तालाब से बाहर निकलकर भाग गई, जबकि पास में मौजूद एक छोटे बच्चे ने घटना को देखा और तुरंत गांव में जाकर लोगों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद अंजलि को तालाब से बाहर निकाला गया।गंभीर हालत में उसे तत्काल इलाज के लिए खरेगांव ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति नाजुक देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया। लेकिन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। अंजलि के परिजन गहरे सदमे में हैं और पूरे गांव में शोक व्याप्त है।
वहीं, चैनपुर थाना अध्यक्ष विजय प्रसाद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तालाब में डूबने से एक बालिका की मौत का मामला सामने आया है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया (पंचनामा) पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
। ( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
