चैनपुर हत्या मामले में पुलिस की तत्परता से 24 घंटे के अंदर 4 आरोपी गिरफतार

चैनपुर हत्या काण्ड मामले में पुलिस की तत्परता से चार आरोपी गिरफतार

कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित फर्नीचर मिस्त्री हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता और मामले के प्रति गंभीरता साफ तौर पर सामने आई है।जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज घटना चैनपुर बाजार स्थित लोहराने मुहल्ला, वार्ड संख्या 13 में घटी, जहां एक दर्जन से अधिक हमलावरों ने फर्नीचर मिस्त्री नखडु शर्मा पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

हमले में नखडु शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो पुत्र मनीष कुमार और प्रमोद कुमार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर कराया जा रहा है।घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। परिजनों के बयान के आधार पर चैनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की।पुलिस की छापेमारी के दौरान शेरपुर गांव निवासी घुरपत शर्मा, उनके दो पुत्र विगन शर्मा उर्फ राजा बाबू और शंकर शर्मा, तथा अरविंद पटेल के पुत्र जुगनू पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपियों को चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल जांच कराने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजते हुए भभुआ जेल भेज दिया गया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस हत्याकांड में अन्य कई आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाकर सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।घटना के बाद इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। वहीं, स्थानीय लोगों ने त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन की सराहना की है, लेकिन साथ ही सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग भी की है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!