
जनशिकायत समाधान को लेकर चैनपुर प्रखंड में सहयोग शिविर की तैयारी तेज
मुख्यमंत्री द्वारा जनशिकायतों के त्वरित निपटारे के उद्देश्य से “सहयोग शिविर” आयोजित करने की घोषणा के बाद चैनपुर प्रखंड प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह शिविर प्रत्येक माह के पहले और तृतीय मंगलवार को आयोजित किया जाएगा, जिससे आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।इसी कड़ी में मंगलवार को प्रखंड सभाकक्ष में दोपहर 12:30 बजे प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शुभम प्रकाश की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रखंड स्तरीय सभी विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे और शिविर के सफल संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ शुभम प्रकाश ने बताया कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता की शिकायतों का मौके पर ही त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर के दौरान प्राप्त होने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील, पारदर्शी और जिम्मेदार व्यवहार किया जाए, ताकि प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा भी की गई और शिविर के आयोजन से जुड़ी तैयारियों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शिविर के दौरान सभी आवश्यक संसाधन, कर्मी एवं व्यवस्थाएं समय से उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।प्रखंड प्रशासन द्वारा आयोजित यह सहयोग शिविर क्षेत्र की जनता के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है, जिससे उनकी समस्याओं का समाधान एक ही मंच पर तेजी से संभव हो सकेगा।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
