सगाई समारोह के बाद घर लौट रहे बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत

बेटे की सगाई की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में पिता की मौत

कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-2 पर दर्दनाक सड़क हादसे में बेटे की सगाई समारोह से लौट रहे एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया।मृतक की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के बद्दूपुर गांव निवासी स्वर्गीय बूटन साह के 76 वर्षीय पुत्र सामा कांत साह के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि उनके पुत्र की सगाई का कार्यक्रम कुदरा में आयोजित था। समारोह संपन्न होने के बाद वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुदरा एनएच-2 पार करने के क्रम में तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी तथा घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए कुदरा पीएचसी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

लेकिन अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।सदर अस्पताल पहुंचे बद्दूपुर पंचायत के उप मुखिया प्रतिनिधि नंदन राय ने बताया कि परिवार में बेटे की सगाई को लेकर खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया।घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता एवं मुआवजे की मांग की है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!