
भभुआ एवं मोहनिया न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, कई मामलों का हुआ निष्पादनभभुआ (कैमूर): जिले के व्यवहार न्यायालय भभुआ एवं अनुमंडलीय न्यायालय मोहनिया में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों की सुनवाई कर आपसी सुलह एवं समझौते के आधार पर मामलों का निष्पादन किया गया। लोक अदालत में बड़ी संख्या में पक्षकार पहुंचे और अपने मामलों का त्वरित निपटारा कराया।
राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन को लेकर न्यायालय परिसर में सुबह से ही चहल-पहल बनी रही। न्यायिक पदाधिकारियों की देखरेख में अलग-अलग बेंचों का गठन किया गया था, जहां बैंक ऋण, बिजली बिल, मोटर दुर्घटना दावा, पारिवारिक विवाद, आपराधिक सुलहनीय मामले, भूमि विवाद तथा अन्य वादों की सुनवाई की गई। कई मामलों में दोनों पक्षों की सहमति से समझौता कराया गया, जिससे लोगों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिली।न्यायिक अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य लोगों को सस्ता, सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है।
लोक अदालत के माध्यम से वर्षों से लंबित मामलों का आपसी सहमति से समाधान कराया जाता है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।लोक अदालत में पहुंचे लोगों ने भी इसकी सराहना करते हुए कहा कि कम समय में मामलों का निपटारा होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। न्यायालय प्रशासन की ओर से पक्षकारों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्था भी की गई थी। आयोजन को सफल बनाने में न्यायिक कर्मियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
