
रामगढ़ में सिर कटी लाशों से दहशत, कानून-व्यवस्था पर गरजे बीएसपी विधायक सतीश यादवसीबीआई जांच की मांग, पुलिस प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोपरामगढ़/कैमूर: कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में लगातार सिर कटी लाशें और मानव शरीर के अंग मिलने की घटनाओं ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बीते कुछ दिनों के भीतर कई कटे हुए शव और बॉडी पार्ट्स बरामद होने से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
इलाके में लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं, वहीं पुलिस अब तक शवों की पहचान और घटनाओं के खुलासे में जुटी हुई है।इस सनसनीखेज मामले को लेकर बहुजन समाज पार्टी के विधायक सतीश यादव ने सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। विधायक ने कहा कि कैमूर जिले में अपराधियों के अंदर कानून का भय समाप्त हो चुका है और अपराधी हत्या जैसी जघन्य घटनाओं को अंजाम देकर खुलेआम घूम रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन पूरी तरह विफल साबित हो रहा है और अब तक पुलिस लाशों की पहचान तक नहीं कर पाई है।विधायक सतीश यादव ने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार अपराधियों को पकड़ने के बजाय उनकी जाति खोजने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन अपराधियों की तलाश में गंभीरता से जुटा होता तो अब तक मामले का खुलासा हो चुका होता और दोषियों की गिरफ्तारी भी हो गई होती।उन्होंने कैमूर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि पुलिस अपराध नियंत्रण छोड़कर सिर्फ चौक-चौराहों पर नाका लगाकर वाहनों से वसूली करने में व्यस्त है।
विधायक ने आरोप लगाया कि ट्रक चालकों, पिकअप वाहनों और स्थानीय मोटरसाइकिल चालकों से अवैध वसूली की जा रही है, जबकि जिले में अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।बीएसपी विधायक ने सरकार से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि इस पूरे प्रकरण की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई से कराई जानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी हो सके। उन्होंने कहा कि लगातार मिल रही सिर कटी लाशों से पूरे जिले की छवि धूमिल हो रही है और आम लोगों में भय का वातावरण बन गया है।वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
बरामद शवों और मानव अंगों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनाओं के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।बाइट — बहुजन समाज पार्टी के विधायक सतीश यादव“कैमूर में लगातार सिर कटी लाशें मिल रही हैं, लेकिन प्रशासन अब तक पहचान भी नहीं कर पाया है। अपराधियों के अंदर कानून का डर खत्म हो चुका है। पुलिस अपराध रोकने के बजाय सिर्फ चौक-चौराहों पर वसूली में लगी हुई है। सरकार को इस मामले की सीबीआई जांच करानी चाहिए और जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार करना चाहिए।”
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
