
सहयोग शिविर के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू, 30 दिनों के भीतर होगा निष्पादनसभी विभागों के प्रधान पदाधिकारी करेंगे आवेदनों की समीक्षा व कार्रवाईभभुआ/कैमूर। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने को लेकर प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) शुभम प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि आज से “सहयोग शिविर” हेतु पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की प्रविष्टि शुरू कर दी गई है।उन्होंने कहा कि अब नागरिक अपनी समस्याओं एवं विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन ऑनलाइन माध्यम से दर्ज करा सकेंगे, जिससे पारदर्शिता और कार्यों के निष्पादन में तेजी आएगी।
बीडीओ ने बताया कि प्राप्त प्रत्येक आवेदन का निष्पादन 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।बीडीओ शुभम प्रकाश ने कहा कि सभी विभागों के संबंधित प्रधान पदाधिकारी आवेदनों की जांच कर निर्धारित समय सीमा के अंदर उनका निष्पादन करेंगे।
प्रशासन का उद्देश्य है कि लोगों को कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े और एक व्यवस्थित प्रणाली के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान हो सके।उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे सहयोग शिविर से संबंधित अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कराएं, ताकि सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके। प्रशासन द्वारा इस व्यवस्था की लगातार निगरानी भी की जाएगी, जिससे किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
( कैमर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
