
तेज रफ्तार पिकअप का कहर: युवक की मौत, कई घायल; पुलिस-एम्बुलेंस की देरी पर फूटा ग्रामीणों का गुस्साकैमूर (भभुआ): कैमूर जिले में शनिवार को एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वाहन ने सड़क पर जमकर कहर बरपाया। अलग-अलग जगहों पर हुई टक्करों में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद समय पर पुलिस और एम्बुलेंस नहीं पहुंचने से नाराज़ ग्रामीणों ने भभुआ–मोहनिया मुख्य सड़क को जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।जानकारी के अनुसार हादसा भभुआ–मोहनिया मुख्य मार्ग पर बबुरा गांव स्थित उर्दू मध्य विद्यालय के समीप हुआ। बताया जाता है कि मोहनिया की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने बेलांव से मोहनिया जा रहे बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक धर्मेन्द्र पासवान, निवासी चंकी थाना बेलांव, की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार दूसरा युवक, जो अहीरांव गांव का बताया जा रहा है, गंभीर रूप से घायल हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप चालक हादसे के बाद भी नहीं रुका और कुछ दूरी आगे बबुरा गांव स्थित मस्जिद के पास एक ई-रिक्शा को भी टक्कर मार दी। इस हादसे में ई-रिक्शा पर सवार एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि करीब ढाई घंटे तक न तो एम्बुलेंस पहुंची और न ही पुलिस प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर आया। इस दौरान मृतक का शव सड़क पर पड़ा रहा, जिससे लोगों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित ग्रामीणों ने भभुआ–मोहनिया सड़क को जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को निजी वाहनों से भभुआ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार सूचना देने के बावजूद प्रशासन की ओर से समय पर कोई सहायता नहीं पहुंची।करीब ढाई घंटे बाद पुलिस और तीन एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
