
पुसौली स्टेशन के पास NH-19 पर भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से ई-रिक्शा चालक गंभीरकुदरा/कैमूर: कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुसौली रेलवे स्टेशन के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टोमेटो सॉस लदे एक ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। ई-रिक्शा चालक पुसौली की ओर सामान लेकर जा रहा था, तभी तेज गति से आ रही पिकअप ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया और उसमें लदा टोमेटो सॉस का सामान सड़क पर बिखर गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल चालक को ई-रिक्शा से बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता देने का प्रयास किया। चालक गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा तड़पता रहा। घटना के कारण कुछ देर तक एनएच-19 पर यातायात भी प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई।सूचना मिलते ही कुदरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।हादसे के बाद पुलिस ने पिकअप वाहन की पहचान और चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।स्थानीय लोगों ने NH-19 पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने और संवेदनशील स्थानों पर यातायात व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
