
मोहनिया में चोरों का आतंक: दो घरों से नगदी और लाखों के जेवरात चोर
शादी वाले घर को बनाया निशाना, ग्रामीणों ने पुलिस गश्त पर उठाए सवाल
कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं ने इलाके के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अज्ञात चोरों ने दो घरों में घुसकर नगदी और कीमती जेवरात चोरी कर लिए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है।पहली घटना अमरपुरा गांव के सिवान स्थित एक मकान में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कश्मीरा देवी, पति नारद राम, के घर में चोरों ने देर रात धावा बोल दिया। बताया गया कि उनके बेटे की शादी हाल ही में संपन्न हुई थी, जिसके कारण घर में जेवरात और नगदी रखी हुई थी। चोरों ने घर में रखे करीब आठ थान जेवरात और लगभग 40 हजार रुपये नगद पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी सुबह होने पर परिवार के लोगों को मिली, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।
वहीं दूसरी घटना उगहनिडीह गांव में सामने आई, जहां कुमार पटेल के घर को चोरों ने निशाना बनाया। चोर घर से तीन जोड़ी कान की बालियां, चांदी की पायल, चांदी का सिक्का, हनुमान जी का लॉकेट, दो अन्य लॉकेट तथा लगभग 40 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में नशाखोरी, विशेषकर गांजा और हीरोइन के सेवन करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे चोरी और आपराधिक घटनाओं में इजाफा हो रहा है।
लोगों ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस नियमित रूप से रात्रि गश्त करती, तो ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था।घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा अज्ञात चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
