कैमुर में सहयोग शिविर सफल कैमुर प्रभारी मंत्री संजय सिंह टाइगर ने किया सहयोग शिविर का निरीक्षण

अमांव पंचायत में विशेष सहयोग शिविर का आयोजन, प्रभारी मंत्री संजय सिंह टाइगर ने किया निरीक्षण

चैनपुर (कैमूर)। कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत अमांव पंचायत स्थित सरका भवन परिसर में सोमवार को विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला एवं प्रखंड स्तर के विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना था।शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर अपनी समस्याओं एवं आवेदनों को लेकर जानकारी प्राप्त की।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि शिविर के दौरान कुल 167 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 144 आवेदन का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया। सबसे अधिक 35 आवेदन राजस्व एवं भूमि विवाद से संबंधित प्राप्त हुए। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा, राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों का भी निपटारा किया गया।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे, जहां ग्रामीणों को योजनाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही आवश्यक दस्तावेजों की जांच एवं आवेदन प्रक्रिया भी पूरी कराई गई।

शिविर में पहुंचे लोगों ने सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए उत्साहपूर्वक भागीदारी की।सहयोग शिविर का निरीक्षण करने कैमूर जिला प्रभारी मंत्री संजय सिंह टाइगर भी पहुंचे। उन्होंने सभी विभागीय स्टॉलों का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन एवं लाभुकों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई लाभुकों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र तथा अन्य सहायता सामग्री भी वितरित की।इस अवसर पर प्रभारी मंत्री संजय सिंह टाइगर ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।शिविर में मौजूद अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान भी किया।

कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सहयोग शिविर को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा गया तथा लोगों ने इस पहल को जनहित में उपयोगी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!