
चैनपुर में दो अलग-अलग सड़क हादसे, चार युवक गंभीर रूप से घायल
चैनपुर (कैमूर)। चैनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल चैनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया।पहली घटना असमन कोटी पहाड़ी के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
इस हादसे में करकटगढ़ निवासी बाबूलाल, पिता प्रमाण खरवार तथा लालबहादुर, पिता नखडु खरवार गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।वहीं दूसरी घटना करजाव गांव के पास हुई, जहां दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में सोनू कुमार बहेरिया एवं इंद्रजीत प्रसाद रुपिन गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक काफी तेज गति में थीं, जिसके कारण हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों को सिर, हाथ और शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भभुआ सदर अस्पताल भेजा गया।लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड एवं पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की
