
कैमूर में खुला जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, पूर्व सैनिकों को मिली बड़ी सौगात
भभुआ। कैमूर जिले के पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब जिला मुख्यालय भभुआ के चकबंदी सड़क स्थित नवस्थापित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय का उद्घाटन जिला पदाधिकारी नवीन कुमार सिंह द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यालय के खुलने से अब जिले के हजारों पूर्व सैनिकों को सैनिक कल्याण संबंधी कार्यों के लिए सासाराम का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में पहुंचे पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों ने वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर खुशी जाहिर की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन पूर्व सैनिकों के सम्मान और कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि जल्द ही सैनिक कल्याण कार्यालय के स्थायी भवन के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि पूर्व सैनिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।उन्होंने कहा कि देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों और उनके परिवारों का सम्मान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा उनके हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी कर्नल अजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह कार्यालय पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के लिए समर्पित सेवा केंद्र के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने जिले के सभी पूर्व सैनिकों से कार्यालय में अपना पंजीकरण कराने की अपील की, ताकि केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
पूर्व सैनिक संघ कैमूर के जिलाध्यक्ष कैप्टन त्रिवेणी साह ने जिला प्रशासन एवं सैनिक कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्यालय के खुलने से पूर्व सैनिकों को बड़ी राहत मिली है। अब पेंशन, पहचान पत्र, कल्याणकारी योजनाओं समेत अन्य आवश्यक कार्यों के लिए दूसरे जिले नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी भभुआ, सूबेदार मेजर नन्द कुमार सिंह, सूबेदार बृजेश कुमार सिंह, हवलदार संतोष नारायण सिंह, सार्जेंट अनिल कुमार गुप्ता, हवलदार कन्हैया प्रसाद सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
