कुदरा बिस्कोमान केन्द्र पर उमड़ी किसानों की भीड़

पीएम कार्यक्रम के बीच थमी खाद वितरण व्यवस्था, भीषण गर्मी में घंटों लाइन में खड़े रहे किसान

कुदरा बिस्कोमान केंद्र पर उमड़ी किसानों की भीड़, समय पर डीएपी नहीं मिलने से बढ़ी चिंता

कैमूर जिले के कुदरा स्थित बिस्कोमान भवन में खाद एवं डीएपी वितरण के दौरान अव्यवस्था और भारी भीड़ के कारण किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। धान रोपनी के मौसम से पहले उर्वरक लेने पहुंचे किसानों की लंबी कतारें सुबह से ही केंद्र परिसर में लगी रहीं। इसी बीच प्रधानमंत्री के संबोधन कार्यक्रम के चलते वितरण कार्य कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया, जिससे किसानों की परेशानी और बढ़ गई।तपती धूप और उमस भरी गर्मी में घंटों इंतजार करने को मजबूर किसान व्यवस्था को लेकर नाराज दिखे। किसानों का कहना है कि खेती का समय बेहद महत्वपूर्ण होता है और यदि समय पर खाद उपलब्ध नहीं हुआ तो धान रोपनी का कार्य प्रभावित हो सकता है।

कई किसानों ने बताया कि सुबह से लाइन में खड़े रहने के बावजूद उन्हें खाद मिलने को लेकर अनिश्चितता बनी रही।बिस्कोमान केंद्र पर बढ़ती भीड़ और सीमित संसाधनों के कारण कर्मचारियों को भी व्यवस्था संभालने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। केंद्र संचालक ने बताया कि क्षेत्र में खाद और डीएपी की मांग लगातार बढ़ रही है, जबकि उपलब्ध मात्रा पर्याप्त नहीं है। उन्होंने सरकार से जल्द अतिरिक्त खाद उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि किसानों को राहत मिल सके और कृषि कार्य समय पर पूरा हो सके।स्थानीय किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए तथा पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसानों को इस भीषण गर्मी में घंटों इंतजार न करना पड़े।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!