
हेडलाइन्सकैमूर में शराब तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, ट्रैक्टर से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद
हाइड्रोलिक डाला के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब, बरामद
कैमूर। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नुआंव थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।जानकारी के अनुसार, नुआंव थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र से होकर अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और छापेमारी अभियान शुरू किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR3C8404 है, को रोककर उसकी तलाशी ली।तलाशी के क्रम में पुलिस को ट्रैक्टर के हाइड्रोलिक डाला के नीचे बेहद चालाकी से छिपाकर रखी गई अवैध अंग्रेजी शराब मिली। बरामद शराब की कुल मात्रा 216.36 लीटर बताई गई है।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राहुल कुमार, पिता बालेश्वर यादव, निवासी ग्राम प्रस्तुआ, थाना कोचस, जिला रोहतास को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है ताकि शराब तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।पुलिस ने बरामद शराब और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है।
मामले में आरोपी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और शराब तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
