सरेवां गांव में 62 वर्षीय बुजुर्ग की अपने ही छत पर गर्दन कटी शव बरामद

सरेवां में बुजुर्ग की संदिग्ध मौत से सनसनी, घर की छत पर गर्दन कटी हालत में मिला शव।

62 वर्षीय नमाजी बुजुर्ग की मौत पर उठे कई सवाल, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

कैमूर/भभुआ : कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत सरेवां गांव में एक 62 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। घर की दो मंजिला छत पर गर्दन कटी अवस्था में शव मिलने के बाद पूरे गांव में दहशत और चर्चाओं का माहौल है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।मृतक की पहचान सरेवां निवासी नियाजुद्दीन खान (62 वर्ष), पिता स्वर्गीय बिट्टू खान के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार बुधवार रात वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर के आंगन में सोए थे। गुरुवार सुबह जब परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की तो उनका शव मकान की छत पर पड़ा मिला। शव की स्थिति देखकर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए और देखते ही देखते गांव में भीड़ जुट गई।ग्रामीणों के अनुसार मृतक की गर्दन गंभीर रूप से कटी हुई थी। गांव के लोगों का कहना है कि नियाजुद्दीन खान शांत स्वभाव के, धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और पांचों वक्त नमाज अदा करते थे। बताया जाता है कि उन्हें पैरों में दर्द की समस्या थी, जिससे उनके चलने-फिरने में दिक्कत होती थी।

ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि वह खुद छत तक कैसे पहुंचे।हालांकि शुरुआती तौर पर परिजन इसे आत्महत्या की आशंका से जोड़ रहे हैं, लेकिन गांव के कई लोगों का मानना है कि घटनास्थल की परिस्थितियां मामले को संदिग्ध बना रही हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और असमंजस का माहौल बना हुआ है।घटना की सूचना मिलते ही भभुआ एसडीपीओ और भभुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।बताया जाता है कि मृतक के तीन पुत्र हैं, जिनमें एक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।समाजसेवी बिरजू पटेल ने मामले पर दुख जताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने लाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!