
चंदौली में शोक यात्रा वाहन हादसे का शिकार, 17 घायल; चार वाराणसी रेफर
दाह संस्कार के लिए जा रहे लोगों से भरी गाड़ी ट्रक से टकराई, अस्पताल पहुंचे हाटा नगर पंचायत चेयरमैन ने घायलों का जाना हाल
कैमूर/हाटा: नगर पंचायत हाटा अंतर्गत अवखंरा गांव से वाराणसी दाह संस्कार के लिए जा रहे लोगों का वाहन रविवार को चंदौली में एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसे में वाहन में सवार कुल 17 लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार, अवखंरा गांव निवासी कालिका गोंड के निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी ले जाया जा रहा था।
इसी दौरान चंदौली क्षेत्र में वाहन की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार लोग बुरी तरह घायल हो गए।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन एवं लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल चंदौली के अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।बताया गया कि घायलों में वार्ड पार्षद बाबू राम गोंड, गोविंद गोंड, पवन गोंड, श्रेखा शर्मा तथा छैबर गोंड सहित कई अन्य लोग शामिल हैं।
घटना के बाद घायलों के परिजनों में चिंता और शोक का माहौल बना हुआ है।हादसे की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत हाटा चेयरमैन रमेश जायसवाल चंदौली अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर सरकारी सहायता एवं आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कराने का प्रयास किया।चेयरमैन रमेश जायसवाल ने कहा कि घायलों को हरसंभव सहायता दिलाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार संपर्क किया जा रहा है और सरकार की ओर से जो भी मदद उपलब्ध होगी, उसे सुनिश्चित कराया जाएगा।इस मौके पर वार्ड पार्षद डिंपल जायसवाल भी मौजूद रहीं।
घायलों एवं उनके परिजनों ने चेयरमैन रमेश जायसवाल और वार्ड पार्षद डिंपल जायसवाल द्वारा मौके पर पहुंचकर की गई मदद और सहयोग की सराहना की।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं, वहीं पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
