रोमांचक फाइनल मुकाबले में रामगढ़ का दमदार प्रदर्शन बना चैंपियन

महेसुआ प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल सम्पन्न, रामगढ़ ने नौघरा को 35 रन से हराकर जीता खिताब

भभुआ/कैमूर: महेसुआ प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक फाइनल मुकाबला नौघरा और रामगढ़ की टीमों के बीच खेला गया। फाइनल मैच का उद्घाटन भभुआ जिला परिषद सदस्य विकास सिंह उर्फ लल्लू पटेल ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।फाइनल मुकाबला निर्धारित 12 ओवरों का खेला गया। मैच में टॉस जीतकर रामगढ़ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया, जबकि नौघरा की टीम ने गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए रामगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और निर्धारित 12 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 160 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। रामगढ़ के बल्लेबाजों ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए चौकों-छक्कों की बरसात की, जिससे दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना रहा।लक्ष्य का पीछा करने उतरी नौघरा की टीम ने जीत के लिए पूरा प्रयास किया, लेकिन रामगढ़ की मजबूत गेंदबाजी और सटीक फील्डिंग के सामने बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सके। निर्धारित ओवरों की समाप्ति तक नौघरा की टीम लक्ष्य हासिल करने में असफल रही।शानदार प्रदर्शन करते हुए रामगढ़ की टीम ने 35 रन से मुकाबला अपने नाम कर टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया।

जीत के बाद खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला।मैच संचालन में अंपायर की भूमिका दिलीप पटेल एवं सुधीर पटेल ने निभाई, जबकि मैच का रोमांचक आंखों देखा हाल कमेंटेटर मलिंगा एवं भूपेश ने प्रस्तुत किया। वहीं स्कोरर की जिम्मेदारी अनीश द्वारा निभाई गई।फाइनल मुकाबले को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में पहुंचे थे। पूरे मैच के दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन समिति ने सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, अतिथियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!