कैमुर में साइबर नेटवर्क का भंडाफोड़ नौकरी के नाम पर खुलवाए जा रहे थे बैंक खाते

साइबर अपराध नेटवर्क पर शिकंजा: नौकरी दिलाने के नाम पर खुलवाए गए कई बैंक खाते, एक आरोपी गिरफ्तार

कैमूर/भभुआ: कैमूर जिले में साइबर अपराध से जुड़े एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए साइबर थाना पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि नौकरी दिलाने का झांसा देकर कई लोगों के बैंक खाते खुलवाए गए, जिनका इस्तेमाल कथित रूप से साइबर अपराध में किया जा रहा था। मामले में अब तक करीब 13 लाख रुपये के साइबर लेनदेन से जुड़ी शिकायतें सामने आई हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, Cyber Crime Special Unit, बिहार, पटना द्वारा कुछ संदिग्ध म्यूल अकाउंट (Mule Account) से संबंधित विवरण स्थानीय पुलिस को उपलब्ध कराया गया था।

इसके बाद जांच प्रक्रिया के तहत संबंधित खाताधारकों को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया गया।जांच के दौरान दो ऐसे खाताधारक सामने आए, जिनके खाते स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, चैनपुर शाखा में खुले थे। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि सत्येन्द्र तिवारी नामक व्यक्ति ने नौकरी दिलाने का लालच देकर उनसे अलग-अलग बैंकों में तीन-तीन खाते खुलवाए थे।पुलिस के अनुसार, आरोपी सत्येन्द्र तिवारी के घर पर छापेमारी की गई, जहां से दो पैन कार्ड बरामद किए गए।

जांच में दोनों पैन कार्ड पर जन्मतिथि और पैन नंबर अलग-अलग पाए गए, जिससे दस्तावेजों की सत्यता पर सवाल खड़े हो गए।इसके बाद आरोपी सत्येन्द्र तिवारी, पिता– रामोवतार तिवारी, निवासी– मोकरी थाना भभुआ, जिला कैमूर, वर्तमान पता– नई बस्ती सेमरिया वार्ड संख्या-01, भभुआ को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके माध्यम से कई लोगों के बैंक खाते खुलवाए गए थे। इतना ही नहीं, खाताधारकों के दस्तावेज भी उससे लेकर पटना स्थित किसी अन्य व्यक्ति तक पहुंचाए जाते थे। पुलिस अब उस नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि नौकरी लगाने के नाम पर खुलवाए गए खातों में साइबर शिकायतें दर्ज थीं। अब तक कुल 10 बैंक खातों की जांच की गई है, जिनमें से 08 खातों पर साइबर शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। इन शिकायतों से जुड़ी राशि लगभग 13 लाख रुपये बताई जा रही है।इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या-14/26 दिनांक 25.05.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 111, 316, 318(4), 336(3), 336(4), 339 एवं आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस ने यह सामान किया बरामदगिरफ्तार अभियुक्त के पास से पुलिस ने दो पैन कार्ड के अलावा एक अन्य व्यक्ति के महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत दस्तावेजों की छायाप्रतियां भी बरामद की हैं।

इनमें औपबंधिक प्रमाण पत्र, मार्कशीट, प्रवजन प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र, निवास, आय, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड एवं पैन कार्ड की प्रतियां शामिल हैं।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि साइबर अपराध के इस नेटवर्क में और भी लोग शामिल हो सकते हैं।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!