हाटा नगर पंचायत कार्यालय में उच्चस्तरीय बैठक ऑटो स्टैंड व पार्किंग व्यवस्था सुधारने पर बनी सहमति

नगर पंचायत हाटा में ट्रैफिक सुधार को लेकर प्रशासन सख्त, जाम और अतिक्रमण हटाने के लिए बनेगी विशेष कार्ययोजनाहाटा कार्यालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक,

ऑटो स्टैंड चिन्हित करने, पार्किंग व्यवस्था सुधारने और बाजार क्षेत्र को जाममुक्त बनाने पर बनी सहमति

कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत हाटा कार्यालय में नगर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या, अव्यवस्थित पार्किंग, अनियंत्रित ऑटो परिचालन, सड़क अतिक्रमण और भारी वाहनों की आवाजाही से उत्पन्न जाम की समस्या पर गंभीर मंथन किया गया।बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नगर क्षेत्र में दिनोंदिन बिगड़ती यातायात व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बढ़ती वाहनों की संख्या और सड़क किनारे हो रहे अतिक्रमण के कारण आम लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

विशेषकर बाजार क्षेत्रों में लगने वाले जाम, दुकानदारों व ठेला संचालकों द्वारा सड़क तक किए गए कब्जे तथा बेतरतीब पार्किंग से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।बैठक में परिवहन पदाधिकारी आलोक सिंह, जिला मोटरयान निरीक्षक चन्द्र प्रकाश, डीएसपी ट्रैफिक कैमूर दयानंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, नगर पंचायत चेयरमैन रमेश जायसवाल, उप चेयरमैन प्रदीप केशरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम प्रकाश, अंचलाधिकारी अनिल कुमार सिंह, थाना प्रभारी विजय प्रसाद समेत कई प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।बैठक के दौरान अधिकारियों ने कहा कि भारतमाला परियोजना के निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों और डंपरों की लगातार आवाजाही से शहर में कई बार ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है।

इसका असर आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, व्यापारियों और राहगीरों पर पड़ रहा है, जिससे लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है।यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बैठक में चरणबद्ध तरीके से विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने, बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने और ऑटो रिक्शा के लिए निर्धारित स्टैंड चिन्हित करने पर सहमति बनी। साथ ही नगर क्षेत्र को व्यवस्थित एवं जाममुक्त बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में चैनपुर थाना के सामने लंबे समय से बने अतिक्रमण को हटाने के लिए जल्द अभियान शुरू करने का भी निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन द्वारा नियमित निगरानी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि नगर पंचायत क्षेत्र में बेहतर यातायात व्यवस्था बहाल करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ तेजी से कार्य करेंगे। आने वाले दिनों में बाजार क्षेत्र को व्यवस्थित करने, सड़क सुरक्षा बढ़ाने और जाम की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, ताकि आम लोगों को रोजाना होने वाली समस्याओं से राहत मिल सके।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!