
बकरीद को लेकर कुदरा में प्रशासन अलर्ट, अंचलाधिकारी के नेतृत्व में निकाला गया फ्लैग मार्च
कैमूर/कुदरा: बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर कैमूर जिले के कुदरा प्रखंड प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में कुदरा अंचलाधिकारी के नेतृत्व में बकरीद को लेकर फ्लैग मार्च निकाला गया, जिसमें पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का भ्रमण किया।फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक टीम ने बाजार, चौक-चौराहों, संवेदनशील क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया तथा लोगों से आपसी भाईचारा, शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, अशांति या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी।अंचलाधिकारी ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, त्याग और भाईचारे का पर्व है, इसलिए सभी लोग आपसी सद्भाव के साथ पर्व मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा नहीं करने की भी अपील की।फ्लैग मार्च में पुलिस बल के जवानों सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
पूरे मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और लोगों को यह संदेश दिया गया कि प्रशासन हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।प्रशासन द्वारा पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने का भरोसा दिलाया।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
