जिला परिषद के विकास कार्यों पर सवाल विकास सिंह बोले निष्पक्ष जांच हो दोषियों पर कार्रवाई

कैमूर जिला परिषद में भ्रष्टाचार के आरोपों से सियासत तेज, विकास सिंह ने की व्यापक जांच और कार्रवाई की मांग

भभुआ (कैमूर)। कैमूर जिला परिषद में कथित भ्रष्टाचार को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। जिला परिषद सदस्य सह पूर्व विधानसभा प्रत्याशी विकास सिंह उर्फ लल्लू सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जिला परिषद में चल रहे विकास कार्यों, भुगतान प्रक्रिया और हाई मास्ट लाइट योजनाओं में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए व्यापक जांच की मांग उठाई है।

प्रेस वार्ता के दौरान विकास सिंह ने हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर वायरल हुए नोटों के बंडल प्रकरण पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी और जिला परिषद अध्यक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी।उन्होंने प्रशासनिक प्रक्रिया का हवाला देते हुए कहा कि जिला परिषद के अंतर्गत होने वाले विकास कार्यों में संबंधित क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य केवल कार्यों की अनुशंसा करते हैं, जबकि कार्य निष्पादन और अंतिम भुगतान की जिम्मेदारी निर्धारित प्रशासनिक एवं अध्यक्षीय स्तर पर होती है।

ऐसे में वित्तीय मामलों की निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है।रामगढ़ से भभुआ तक सभी योजनाओं की हो निष्पक्ष जांचविकास सिंह ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि जिला परिषद के अंतर्गत कराए गए सभी विकास कार्यों की उच्च स्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि रामगढ़, भभुआ समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जितने भी विकास कार्य हुए हैं, उनकी गुणवत्ता, लागत और भुगतान प्रक्रिया की जांच होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई अधिकारी, संवेदक या जनप्रतिनिधि दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाना चाहिए।हाई मास्ट लाइट योजना पर उठाए सवालप्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विकास सिंह ने जिले में हाई मास्ट लाइट लगाने के कार्यों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि कई स्थानों पर जरूरत और मानकों की अनदेखी कर एक ही जगह पर दो-दो हाई मास्ट लाइटें लगाई जा रही हैं, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है।उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के नाम पर जनता के पैसे की बर्बादी किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं हो सकती और इस पूरे मामले की तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराई जानी चाहिए।

डीएम के निर्देश पर गठित हुई जांच कमेटीमामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन भी सक्रिय नजर आ रहा है। जानकारी के अनुसार, कैमूर जिलाधिकारी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है।विकास सिंह ने जांच कमेटी के गठन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि निष्पक्ष जांच से पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी और यदि कहीं अनियमितता हुई है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई सुनिश्चित होगी।जिला परिषद से जुड़े इस मामले को लेकर जिले में राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब सबकी नजर जांच कमेटी की रिपोर्ट और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!