
बेलांव थाना क्षेत्र में मारपीट का मामला, वायरल वीडियो से बढ़ा विवादयुवक ने थाने में दिया आवेदन, नामजद आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
रामपुर/कैमूर। कैमूर जिले के बेलांव थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। वहीं, मारपीट से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है। वायरल वीडियो में चार-पांच लोग एक युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।मिली जानकारी के अनुसार, बेलांव थाना क्षेत्र के खरेंदा गांव निवासी चन्दन कुमार गुप्ता ने बेलांव थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि वह किसी काम से बेलांव पुल की ओर जा रहा था।
इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।पीड़ित के अनुसार, आरोपितों में रामाश्रय सिंह, इन्द्रजीत सिंह एवं मीनू कुमार समेत अन्य लोग शामिल थे। आरोप है कि सभी ने मिलकर लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर, होंठ तथा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।पीड़ित चन्दन कुमार गुप्ता ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि घटना के पीछे अतिक्रमण को लेकर चल रहा विवाद कारण हो सकता है।
उसने नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।उधर, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।इस संबंध में बेलांव थाना पुलिस का कहना है कि मामले में लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है तथा जांचोपरांत नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर उचित कदम उठाया जाएगा।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
