कैमुर में सनसनी कुलेश्वरी धाम के महंत पर जानलेवा हमला

कुलेश्वरी देवी शक्तिपीठ के महंत पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमलामॉर्निंग वॉक के दौरान अधेड़ ने किया वार, महंत लल्लन गिरी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

दुर्गावती/कैमूर। कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलड़िया स्थित प्रसिद्ध कुलेश्वरी देवी शक्तिपीठ के महंत लल्लन गिरी पर शुक्रवार की सुबह जानलेवा हमला किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले महंत पर एक अधेड़ व्यक्ति ने अचानक कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, महंत लल्लन गिरी शुक्रवार सुबह रोजाना की तरह टहलने निकले थे।

इसी दौरान घात लगाए बैठे एक अधेड़ व्यक्ति ने उन पर अचानक कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। आरोपी ने महंत के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महंत को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि महंत की स्थिति नाजुक बनी हुई है और वे जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।

घायल महंत के पुत्र ने बताया कि हमलावर ने कुल्हाड़ी से कई बार वार किया, जिससे उनके पिता के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गहरे जख्म आए हैं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही दुर्गावती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक हमले के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका था।इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश एवं चिंता का माहौल है। धार्मिक स्थल के महंत पर हुए इस जानलेवा हमले को लेकर लोग प्रशासन से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!