जीत के बाद कुमेश सिंह बोले जनता के विश्वास और सम्मान के लिए हमेशा तत्पर रहुंगा

सिरहिरा पैक्स चुनाव में कुमेश सिंह की भारी जीत, 531 मतों से प्रदीप सिंह को हराया

चांद/कैमूर। चांद प्रखंड अंतर्गत सिरहिरा पंचायत पैक्स चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार कुमेश सिंह ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी प्रदीप कुमार सिंह को 531 मतों के भारी अंतर से पराजित कर दिया। जीत के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया और विजयी जुलूस निकालकर खुशी का इजहार किया गया।जानकारी के अनुसार, सिरहिरा पैक्स का चुनाव लगभग दो माह पूर्व ही होना था, लेकिन प्रत्याशी प्रदीप कुमार सिंह द्वारा निर्वाचन प्राधिकार में शिकायत दर्ज कराए जाने के कारण चुनाव प्रक्रिया रोक दी गई थी।

मामले में दोनों पक्षों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच पटना स्थित प्राधिकार स्तर पर किए जाने के बाद पुनः मतदान कराने का निर्देश जारी किया गया। हालांकि नामांकन प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी थी, इसलिए शेष चुनावी प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए 30 मई को मतदान संपन्न कराया गया।मतदान के दिन सुबह सात बजे से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। कुल 4260 मतदाताओं को देखते हुए सात बूथ बनाए गए थे।

अध्यक्ष पद के लिए जहां केवल दो प्रत्याशी मैदान में थे, वहीं सदस्य पद के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवार होने के कारण मतदान प्रक्रिया में अपेक्षाकृत अधिक समय लगा। हल्के आरोप-प्रत्यारोप के बावजूद पूरा चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।मतदान समाप्त होने के बाद बंद मतपेटियों को चांद प्रखंड मुख्यालय लाया गया, जहां निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. हदीद खान की निगरानी में रात करीब नौ बजे से मतगणना शुरू हुई। मतगणना के दौरान दोनों पक्षों के समर्थकों की भारी भीड़ पूरी रात प्रखंड मुख्यालय के बाहर जमी रही।सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुमेश सिंह अपने मतगणना एजेंट अखिलेश नारायण सिंह पटेल के साथ बाहर निकले तो समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।

इसके बाद समर्थकों के साथ विजय जुलूस निकाला गया, जो चांद बाजार स्थित मंदिर पहुंचा, जहां उन्होंने दर्शन-पूजन किया। जुलूस में सिरहिरा पंचायत के पूर्व पैक्स अध्यक्ष संजय सिंह, विजय पांडेय, मुन्ना पाण्डेय, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह क्षेत्र पंचायत सदस्य सतीश सिंह पटेल, छोटकु पाण्डेय, प्रदीप सिंह पटेल, बलवंत सिंह, बबलू सिंह समेत कई लोग शामिल रहे।सिरहिरा गांव पहुंचने पर भी नवनिर्वाचित अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान अरविंद सिंह, बबलू गिरी, बिल्लू गिरी, अवधेश सिंह, धीरज सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, उप मुखिया बिरेंद्र बिंद, टागा राम, श्रीपति राम, बहादुर मौर्य, शेषमुनि मौर्य, सुचित मौर्य, नंदकिशोर तिवारी, शर्मा यादव तथा एइलाय के सुजीत कुमार सिंह उर्फ पिंकू सहित कई लोगों ने उन्हें जीत की बधाई दी।जीत के बाद कुमेश सिंह ने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, समर्पण और कुशल रणनीति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वे पैक्स क्षेत्र के लोगों के काम और सम्मान के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। साथ ही सभी मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दूसरी बार अवसर देकर जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वे सदैव ऋणी रहेंगे।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!