रात के अंधेरे में पशु चोरों का धावा घर के बाहर से तीन भैंसें गायब

कुदरा/कैमूर। कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरकोना गांव में पशु चोरों ने देर रात बड़ी वारदात को अंजाम देकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। अज्ञात चोर घर के बाहर बंधी तीन भैंसों को खोलकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पीड़ित परिवार को करीब दो लाख रुपये का नुकसान होने की बात कही जा रही है।जानकारी के अनुसार, बजरकोना गांव निवासी विजेंद्र कुमार सिंह एवं दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच अज्ञात चोर उनके घर के सामने बंधी तीन भैंसों को चोरी कर ले गए। सुबह जब परिवार के सदस्य उठे तो पशुओं के गायब होने की जानकारी मिली।

इसके बाद परिजनों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीणों में भी हड़कंप मच गया।ग्रामीणों का कहना है कि चोरों ने गांव में सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, चोरों ने आसपास बंधे अन्य मवेशियों को भी चोरी करने की कोशिश की थी, लेकिन किसी कारणवश वे अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरी की घटना पहले से योजना बनाकर की गई।घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने कुदरा थाना पुलिस को दूरभाष के माध्यम से जानकारी दी। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गई तीनों भैंसों की अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये है। पशुपालन पर आश्रित परिवार के लिए यह आर्थिक रूप से बड़ी क्षति मानी जा रही है।

घटना को लेकर ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि कुदरा क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन कई मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से चोरी गई भैंसों की शीघ्र बरामदगी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और संभावित सुरागों के आधार पर आसपास के इलाकों में छानबीन की जा रही है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!